KCG

शाला प्रवेशोत्सव में गूंजा उत्साह, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का किया गया सम्मान

सत्यमेव न्यूज साल्हेवारा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय (सेजेस) साल्हेवारा में नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करने के साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में कक्षा पहली से बारहवीं तक के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। अंग्रेजी माध्यम में विभिन्न कक्षाओं के मेधावी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया वहीं हिन्दी माध्यम में भी विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रवेशोत्सव के दौरान नए विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में निजाम मंडावी, पवार मेरावी, गगन अग्रवाल, मोहित रजक, चंदू चक्रधारी, बहादुर सिंह खुशरो, गिरधारी लाल वर्मा, रूप लाल यादव, जगदीश राम पंचकपाट, नरेंद्र कुमार पटले सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने बताया कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति आत्मीयता विकसित करना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page