KCG

खैरागढ़ के विक्रमपुर में सात दिवसीय चित्रकला एवं संगीत कार्यशाला का शुभारंभ

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। ग्राम विक्रमपुर में सात दिवसीय चित्रकला एवं संगीत कार्यशाला का शुभारंभ मंगलवार 12 मई 2026 को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। यह कार्यशाला आगामी सात दिनों तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच, पंचगण, ग्रामीण कलाकारों सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं युवा उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना एवं छत्तीसगढ़ के राजगीत के साथ किया गया। गांव में पहली बार चित्रकला और संगीत कार्यशाला का आयोजन होने से बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागी ललित कला एवं संगीत की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर सरपंच ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कलात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है तथा उनमें आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन वर्ष में एक-दो बार अवश्य होना चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी कला के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक पंचायत में चित्रकला एवं संगीत कार्यशालाओं का आयोजन होना चाहिए जिससे गांव के बच्चों को कला सीखने और अपनी प्रतिभा को पहचानने का अवसर मिल सके। कार्यशाला में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय से प्रशिक्षित कलाकारों के समूह द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें माई आर्टिस्ट ग्रुप के कलाकार कमलेश सिन्हा, सोमकुमार वर्मा एवं अमित कुमार बच्चों को चित्रकला एवं संगीत कला का प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। साथ ही गांव के स्थानीय कलाकार भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। ज्ञात हो कि माई आर्टिस्ट ग्रुप वर्ष 2013 से निरंतर चित्रकला एवं संगीत कार्यशालाओं के माध्यम से बच्चों में कलात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। समूह के कलाकार ग्रामीण क्षेत्रों में कला के प्रति जागरूकता और रचनात्मकता विकसित करने के लिए सतत प्रयासरत हैं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page