KCG

बैगा समुदाय के लिये विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकासखंड छुईखदान के पीएम जनमन ग्राम सिंगबोरा में मंगलवार को आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किया गया जिसमें बैगा जनजाति के लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ा गया। यह शिविर तीन दिवसीय जागरूकता एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के अंतिम दिन सम्पन्न हुआ। शिविर में टीबी उन्मूलन अभियान के तहत बैगा समुदाय की विशेष स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई। हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन से छाती की जांच की गई वहीं हितग्राहियों का ब्लड प्रेशर शुगर और हीमोग्लोबिन परीक्षण भी किया गया। जांच के बाद जरूरतमंदों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

शिविर के दौरान पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर बनाए गए ताकि जरूरत पड़ने पर वे शासन की निःशुल्क उपचार योजना का लाभ आसानी से ले सकें। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को योजना की उपयोगिता और उपचार प्रक्रिया की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में पदयात्रा और समूह चर्चा के माध्यम से बैगा समुदाय को स्वास्थ्य पोषण स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया। इस दौरान पद्मश्री फूलबासन बाई यादव ने समुदाय आधारित सशक्तिकरण को और मजबूत करने की बात कही।

शिविर का आयोजन कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में बिसेसर साहू, घम्मन साहू, मन्नू मरकाम, पंचू मरकाम, सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। शिविर में सीएमएचओ डॉ. आशीष शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनआरएलएम) उमेश तिवारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक बृजेश ताम्रकार, राजेश हिरवानी, राजेश कोर्राम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी लक्ष्मी जांघेल, मेघराज चंदेल, मितानिन समन्वयक मितानिन कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दूरस्थ एवं विशेष जनजातीय इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए ऐसे शिविर लगातार लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में गर्भवती महिलाओं की जांच पोषण सेवाएं संस्थागत प्रसव और बच्चों के टीकाकरण को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page