पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति: संस्था एवं पाठ्यक्रम परिवर्तन के लिए 30 नवंबर तक करें आवेदन

खैरागढ़। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल पर संस्था एवं पाठ्यक्रम परिवर्तन की सुविधा प्रदान की गई है। इसके तहत विद्यार्थी संस्था परिवर्तन, पाठ्यक्रम परिवर्तन, कोर्स ईयर में बदलाव तथा संस्था एवं पाठ्यक्रम दोनों में परिवर्तन के लिए 01 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। भारत सरकार के नियमानुसार पात्र विद्यार्थी विभागीय पोर्टल पर लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद विद्यार्थियों को आधार कार्ड, पिछले वर्ष की अंकसूची एवं वर्तमान पाठ्यक्रम में प्रवेश की रसीद के साथ कलेक्टोरेट भवन स्थित कक्ष क्रमांक-29 में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग की छात्रवृत्ति शाखा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में संपर्क करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य है। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में किसी भी प्रकार का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

↑
Exit mobile version