
वन विभाग की टीम ने दो ठिकानों पर दी दबिश
बड़ी मात्रा में लट्ठे और तख्ते जब्त
वन अधिनियम के तहत हुई कार्रवाई
गंडई-पंडरिया। वनांचल क्षेत्र पैलीमेटा में वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सरपंच के घर समेत दो ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान यहां से बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी के लट्ठे और तख्ते बरामद किए गए। वन विभाग ने लकड़ी को जब्त कर प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग को पैलीमेटा क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी के भंडारण की सूचना मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने सरपंच कुमार पाल पिता मायाराम पाल तथा सुनील पाल पिता गौतम पाल के घर पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान परिसर में रखे सागौन के लट्ठे और तख्ते बरामद हुए। विभाग के अनुसार लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।जंगल से कटाई और कारोबार की जांचवन विभाग ने बरामद लकड़ी को जब्त कर लिया है। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि सागौन की लकड़ी किस वन क्षेत्र से काटकर लाई गई थी इसे कहां खपाया जाना था तथा इसके अवैध भंडारण का सिलसिला कब से चल रहा था। मामले में वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधि के घर से बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी बरामद होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल वन विभाग द्वारा जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
