Advertisement
Uncategorized

खैरागढ़ के दीक्षांत समारोह में कला साधना को मिली नई पहचान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के 17वें दीक्षांत समारोह में कला के क्षेत्र से जुड़े एक प्रेरक व्यक्तित्व को विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। सुररियलिस्ट चित्रकला के लिए देशभर में पहचान बना चुके कलाकार डॉ.मनिंदर सिंह धुन्ना को ललित कला विषय में डॉक्टरेट की उपाधि से अलंकृत किया गया। यह क्षण न केवल उनके लिए बल्कि विश्वविद्यालय और कला जगत के लिए भी गौरवपूर्ण रहा। डॉ.धुन्ना की कृतियां अपनी गहरी संवेदनशीलता, रचनात्मक कल्पना और भावनात्मक अभिव्यक्ति के कारण लंबे समय से कला प्रेमियों को आकर्षित करती रही हैं। उनकी चित्रकला में विचार और अनुभूति का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है जिसने उन्हें समकालीन कलाकारों में विशिष्ट स्थान दिलाया है। उनके कला योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिल चुकी है। इससे पूर्व उन्हें देश के प्रतिष्ठित मूर्तिकार एवं पद्मश्री सम्मान से विभूषित स्वर्गीय राम वी.सुतार द्वारा सम्मानित किया जा चुका है इसके साथ ही वे प्रतिष्ठित रज़ा फाउंडेशन छात्रवृत्ति से भी सम्मानित रह चुके हैं। वर्तमान में डॉ.मनिंदर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के ग्राफिक्स विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। वे अपने कला सृजन के साथ-साथ शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को नई सोच, सृजनशील दृष्टि और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए प्रेरित कर रहे हैं। दीक्षांत समारोह में उन्हें मिली यह उपाधि खैरागढ़ को कला शिक्षा के राष्ट्रीय मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करती है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page