
आरोपियों के कब्जे से चार, वाहन और मोबाइल जब्त
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गातापार पुलिस और जिला पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मवेशी, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मिली जानकारी अनुसार 25 मई को थाना गातापार क्षेत्र के चंगुर्दा घाटी के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को चार बैलों के साथ पैदल महाराष्ट्र की ओर जाते हुए पकड़ा गया। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपियों द्वारा मवेशियों को लाठी-डंडों से मारते-पीटते हुए क्रूरतापूर्वक हांका जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के सावरीकला निवासी 48 वर्षीय राजकुमार देशमुख तथा महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के मारूटोला निवासी 35 वर्षीय वितेश बावनथडे शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग 36 हजार रुपए कीमत के चार बैल, 60 हजार रुपए की मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 4 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उप जेल सलोनी भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में पशु तस्करी और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।