KCGपॉलिटिक्स

नीट पेपर लीक और छात्रों से मारपीट के विरोध में गंडई में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला फूंका

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को गंडई नगर में कांग्रेस ने मशाल रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने किया। विश्राम गृह से शुरू हुई मशाल रैली गंगई मंदिर मार्ग से होते हुए मुख्य चौक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों युवाओं तथा विपक्षी नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस ने दमनात्मक कार्रवाई की है। उन्होंने छात्रों पर दर्ज सभी मामलों को वापस लेने संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। मुख्य चौक पर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही। प्रदर्शन में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शत्रुघ्न मन्नू चंदेल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष आरती महोबिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो, चेतन देवांगन, विनोद ताम्रकार, गुलशन तिवारी, कन्हैया कुर्रे, दिलीप ओगरे, हेमलता ठाकुर, दामोदर जायसवाल, राजेश पाल, रणजीत सिंह चंदेल, ताराचंद बंजारे, दिलीप नागवंशी, अमित टंडन, असरफ सिद्दीकी, गोवर्धन साहू, आशीष देवांगन, शाद मेमन, मैनुद्दीन, निरंजन धनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page