
सुबह 11 बजे एक साथ हुआ सामूहिक गायन
विश्व रिकॉर्ड की मुहिम में विद्या भारती के शिक्षण संस्थानों ने निभाई सहभागिता
खैरागढ़। नमामि भारत अभियान के अंतर्गत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरागढ़ में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के संपूर्ण पदों का सामूहिक गायन किया गया। विद्या भारती द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों में निर्धारित समय सुबह 11 बजे एक साथ राष्ट्रगीत का गायन हुआ। आयोजन को व्यापक स्तर पर आयोजित कर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की मुहिम के तहत यह कार्यक्रम किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं बल्कि राष्ट्र की भावना और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व से परिचित कराना आवश्यक है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि विद्या भारती के शिक्षण संस्थानों में वंदे मातरम् का गायन पहले से होता रहा है। अब सभी शिक्षण संस्थानों में इसके संपूर्ण पदों के गायन को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को राष्ट्रभावना से जोड़ने में वंदे मातरम् महत्वपूर्ण माध्यम है। विशिष्ट अतिथि एवं साक्षी के रूप में उपस्थित सहायक संचालक मनोहर चंदेल ने कहा कि वंदे मातरम् के संपूर्ण पदों के सामूहिक गायन से विद्यार्थियों और आमजन को राष्ट्रगीत के भाव तथा उसके ऐतिहासिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् राष्ट्रभावना की सशक्त अभिव्यक्ति है। कार्यक्रम में प्रेम स्मृति शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं संस्था के प्रबंधक मनोज गिड़िया ने आभार व्यक्त किया। संचालन विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र शर्मा ने किया। इस अवसर पर पूर्व जनपद उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, एकल विद्यालय के प्रमुख श्रीराम यादव, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय परिसर वंदे मातरम् के स्वरों से गूंज उठा। विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्रभावना से जुड़े इस आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
