नगर पंचायत गंडई के समाधान शिविर में उमड़ी भीड़, 128 आवेदन प्राप्त

सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत नगर पंचायत गंडई के नवीन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित जनसमस्या निवारण एवं समाधान शिविर जनसहभागिता और प्रशासनिक सक्रियता का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 128 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 112 मांग संबंधी तथा 16 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। प्राप्त आवेदनों में प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, नाली निर्माण, श्रम कार्ड तथा राजस्व प्रकरणों से जुड़े आवेदन प्रमुख रहे। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन भी स्वीकार किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। ग्रामीणों ने समाधान शिविर को शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए इसकी सराहना की। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और ऐसे शिविर जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, खाद्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों तथा किशोरियों को स्वच्छता एवं कुपोषण किट वितरित किए गए। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गंडई द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 178 मरीजों का उपचार किया गया। इस दौरान 3 गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, 74 लोगों का टीकाकरण, 19 लोगों की आरडीटी जांच तथा 8 लोगों की सिकलसेल जांच की गई। इसके अलावा हीमोग्लोबिन, नेत्र, शुगर एवं बीपी जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं। शिविर में 3 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 2 गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान की गई। आयुष विभाग द्वारा भी विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया। विभाग के चिकित्सकों ने त्वचा रोग, संधिवात, स्त्रीरोग, मधुमेह, ज्वर, दंतरोग एवं मुखपाक सहित अन्य बीमारियों से संबंधित मरीजों को परामर्श एवं उपचार सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुशरो, उपाध्यक्ष श्यामपाल ताम्रकार, मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, अशोक मरार, यतीश कुमार कुंजाम, मनीषा मरकाम, सांवत देवांगन, मोहसिन खान, विक्की टंडन, धरमू पटेल, राकेश जायसवाल, विक्की कुर्रे, राकेश टंडन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एसडीएम अविनाश ठाकुर, सीएमओ अविनाश देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version