Uncategorized

धान खरीदी की अव्यवस्था के खिलाफ आज जिला मुख्यालय में आंदोलन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राज्य सरकार द्वारा संचालित धान खरीदी व्यवस्था इस वर्ष शुरुआत से ही गंभीर अव्यवस्था का शिकार बनी हुई है। खरीदी केंद्रों पर फैली अव्यवस्था टोकन जारी न होना खरीदी सीमा में बार बार कटौती और प्रशासनिक असहयोग के चलते किसान महीनों से अपनी उपज बेचने के लिए भटकने को मजबूर हैं। भारतीय किसान संघ का कहना है कि शासन-प्रशासन द्वारा धान खरीदी को सुगम बनाने के बजाय ऐसे दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं जो किसानों की ईमानदारी और सत्यनिष्ठा पर सवाल खड़े करते हैं। इससे किसानों में भारी रोष व्याप्त है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि धान खरीदी सत्र समाप्त होने में अब मात्र 15 दिन शेष हैं जबकि अभी तक लगभग 60 प्रतिशत धान की ही खरीदी हो सकी है। खेतों में कड़ी मेहनत कर फसल पैदा करने वाला किसान आज अपने ही धान को बेचने के लिए परेशान है जिसे किसान संघ ने किसानों के साथ सीधा अन्याय बताया है। इन्हीं समस्याओं के विरोध में भारतीय किसान संघ ने 16 जनवरी को छत्तीसगढ़ के सभी जिला मुख्यालयों में आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन के दौरान किसान प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। किसान संघ द्वारा प्रमुख रूप से सभी किसानों को तत्काल टोकन उपलब्ध कराने, धान खरीदी की सीमा बढ़ाने खरीदी की समय सीमा में विस्तार करने तथा पूरी व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाने की मांग की जाएगी। भारतीय किसान संघ का आरोप है कि राज्य सरकार किसानों के बीच अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है और यह स्पष्ट होता जा रहा है कि सरकार न्यूनतम धान खरीदी करना चाहती है। किसान संघ ने स्पष्ट किया है कि किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page