Advertisement
Uncategorized

धमतरी में ‘चौथिया’ समारोह बना खूनी मैदान, दुल्हन के भाई की चाकू मारकर हत्या

सत्यमेव न्यूज धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में शनिवार रात एक पारिवारिक समारोह अचानक हिंसा में बदल गया। ग्राम भोथीडीह में आयोजित चौथिया कार्यक्रम के दौरान नाच गाने के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद इतना बढ़ा कि बैंड पार्टी के सदस्यों ने दुल्हन के भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई जबकि चार अन्य युवक उपचाराधीन हैं। पुलिस के अनुसार गरियाबंद जिले के मालगांव निवासी चंदन निषाद अपनी बहन के विवाह उपरांत आयोजित चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने भोथीडीह आया था। शनिवार रात करीब आठ बजे बाजार चौक में स्वागत कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान नृत्य करते समय धक्का लगने की बात को लेकर चंदन और बैंड दल के कुछ सदस्यों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले गाली गलौज और धमकी दी फिर चाकू और लाठी डंडों से हमला कर दिया। चंदन जान बचाकर भागने की कोशिश करता रहा लेकिन हमलावरों ने उसे सड़क पर दौड़ाकर पीटा और चाकू से कई वार किए। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में तोषण चक्रधारी (18), अभिषेक पटेल (20), हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18), ताम्रज कंवर (18), गुलाब दीवान (20) तथा दो नाबालिग शामिल हैं। सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page