KCGछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

दिशा समिति बैठक में हुई विकास कार्यों की समीक्षा, सांसद हुए शामिल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय ने की। इस दौरान केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों से विभागवार प्रगति रिपोर्ट लेते हुए योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सांसद संतोष पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मनरेगा में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में नेटवर्क समस्या का मुद्दा सामने आया। इस पर सांसद ने नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री जनजाति न्याय महा अभियान को प्राथमिकता से लागू करने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। टीबी आयुष्मान भारत सिकल सेल और एनीमिया जांच की प्रगति की समीक्षा की गई। बुंदेली क्षेत्र में स्वास्थ्यकर्मियों की अनियमित उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। जर्जर भवनों की समस्या पर विभाग ने बताया कि प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजे जा चुके हैं। कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि फसल बीमा योजना और सॉइल हेल्थ कार्ड की जानकारी प्रस्तुत की। फसल बीमा का लाभ नहीं मिलने की शिकायतों पर सांसद ने संबंधित एजेंसी की बैठक बुलाकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

छुईखदान दनिया मार्ग निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने और मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने आश्वस्त किया कि सांसद के निर्देशों के अनुरूप सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे और योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचाया जाएगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page