
जनहित को केंद्र में रखकर बनाई कार्ययोजना
स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल समेत मूलभूत सुविधाओं पर फोकस
प्रभावित गांवों को पहले मिलेगी प्राथमिकता
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए विकास कार्यों की प्राथमिकताएं निर्धारित की गईं। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की जबकि सांसद संतोष पाण्डेय विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचे यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता गुणवत्ता और जनभागीदारी को अनिवार्य बताते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जानकारी दी कि डीएमएफ मद से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा स्तर में सुधार, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने, महिला एवं बाल विकास, जल संरक्षण, कृषि उन्नयन, स्वच्छता, कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता में रखा गया है। खनन से प्रभावित ग्रामों के लिए विशेष योजनाएं भी शामिल की गई हैं ताकि संतुलित और समावेशी विकास को बढ़ावा मिल सके। बैठक में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्मन ताम्रकार, प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, भागवत शरण सिंह, वन मंडलाधिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और शासी परिषद के सदस्य उपस्थित रहे।

