छत्तीसगढ़

तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली जान, बाइक सवार एक भाई की मौत दूसरा गंभीर

सत्यमेव न्यूज बिलासपुर। जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मानिकचौरी निवासी गुलशन मरावी (35) अपने भाई संजू मरावी के साथ किसी काम से निकले थे। दोनों मल्हार से पचपेड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिनौरी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर CG 12 BG 9174 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद गुलशन मरावी ट्रेलर के पहिए में फंस गया और कुछ दूरी तक घसीटता चला गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजू मरावी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जिंदल कंपनी से 1 करोड़ रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। साथ ही कलेक्टर और कमिश्नर को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर अड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हादसे के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page