तेंदूभाठा में सीसी मार्ग निर्माण का भूमिपूजन, ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा

खैरागढ़। छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत उदान के आश्रित ग्राम तेंदूभाठा में सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। सीसी रोड बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विक्रांत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, आवास सहित आवश्यक सुविधाओं का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। श्री सिंह ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान मिलने में बाधाएं आईं। वर्ष 2023 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद 18 लाख आवासों को स्वीकृति दी गई। उन्होंने इसे गरीब परिवारों के आवास के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया और आश्वस्त किया कि आने वाले समय में भी पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे ताकि अब तक लाभ से वंचित परिवारों को भी पक्के मकान की सुविधा मिल सके। कार्यक्रम में जैनेन्द्र जंघेल, दीना वर्मा, अशोक पाल, खेलन वर्मा, छत्रपाल सिंह लोधी, धनीराम लोधी, अमर सिंह, सुनील साहू और अवध राम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

↑
Exit mobile version