27 नवंबर को होगी काउंसलिंग, मेरिट के आधार पर अभ्यर्थी चुनेंगे विद्यालय
डीईओ देवांगन ने बताया दोनों प्रक्रिया सेजेस कन्या खैरागढ़ में होगी
खैरागढ़। जिले के छह स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त 25 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज हो गई है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम जारी होने के बाद अब चयनित मेरिट सूची के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन 25 नवंबर को किया जाएगा वहीं विद्यालय आवंटन के लिए 27 नवंबर को काउंसलिंग आयोजित होगी। दोनों दिन प्रक्रिया सुबह 10 बजे से सेजेस कन्या खैरागढ़ में शुरू होगी। जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने बताया लोक शिक्षण संचालनालय नवा रायपुर द्वारा सहायक शिक्षक के 13, शिक्षक के 6, व्याख्याता के 3, सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला) के 2 तथा प्रधान पाठक (प्राथमिक) के एक पद के लिए सीबीटी परीक्षा आयोजित की गई थी। राज्य स्तर पर जारी विषयवार मेरिट सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को सत्यापन और काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। दस्तावेज सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्र, अंकसूचियां एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। साथ ही दस्तावेजों की छायाप्रतियों के दो सेट और दो पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ भी साथ लाना अनिवार्य होगा। 27 नवंबर को होने वाली काउंसलिंग में विद्यालयवार रिक्त पदों की जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी। अभ्यर्थियों को मेरिट क्रम के अनुसार उपलब्ध पदों में से अपनी पसंद के विद्यालय का चयन करने का अवसर मिलेगा। चयन के बाद संबंधित अभ्यर्थी को सहमति पत्र देना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक बार विद्यालय का चयन करने के बाद उसमें परिवर्तन की अनुमति नहीं दी जाएगी। काउंसलिंग पूरी होने के बाद कलेक्टर के अनुमोदन से पात्र चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज सत्यापन अथवा काउंसलिंग में अनुपस्थित रहने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी अभ्यर्थी की स्वयं की होगी।
