नदी संरक्षण के लिए दीप उत्सव मनाने की भव्य तैयारी, जगमगाएगी संगीत नगरी

लगातार तीसरे वर्ष भी होगा भव्य धार्मिक महोत्सव
24 नवंबर को शाम 6 बजे से गंगा आरती, दीपदान और भजन संध्या का आयोजन
खैरागढ़। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खैरागढ़ नगर के ऐतिहासिक दाऊचौरा स्थित महादेवघाट एक बार फिर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर होगा। गंगेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में लगातार तीसरे वर्ष भव्य गंगा आरती एवं दीपदान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 24 नवंबर मंगलवार को शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन में गंगा माई की नगरी बनारस और वैकुंठ धाम हरिद्वार की तर्ज पर भव्य गंगा आरती की जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना, गंगा आरती, दीपदान और भजन संध्या का आयोजन होगा। कलाकारों की भक्ति संगीत प्रस्तुतियां कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगी। दीपदान के दौरान श्रद्धालु घाट पर दीप प्रज्वलित कर धार्मिक परंपरा में सहभागी बनेंगे। इससे पूरा महादेवघाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों में आयोजित इस महोत्सव को श्रद्धालुओं का अच्छा प्रतिसाद मिला है। बड़ी संख्या में लोगों ने दीपदान और गंगा आरती में हिस्सा लिया था। दीपों से सजे घाट और हर-हर गंगे के जयघोष ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया था। इसी उत्साह और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष आयोजन को और भव्य स्वरूप देने की तैयारी की गई है। आयोजन के संयोजक व क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी डॉ.अरुण भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गंगा आरती एवं दीपदान में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का भी माध्यम है। आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों को महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।