KCG

तिरंगे के साथ दौड़ा खैरागढ़, देशभक्ति के उत्साह से सराबोर हुआ शहर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या खैरागढ़ में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का उत्साह नजर आया। जिला प्रशासन व खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त आयोजन में फतेह सिंह खेल मैदान से स्वतंत्रता दौड़ एवं तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, बुजुर्गों, सामाजिक संगठनों, खेल संघों, एनसीसी स्काउट एंड गाइड, एनएसएस, रेडक्रॉस, पुलिस, वन विभाग सहित मीडिया प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा और जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने तिरंगा लहराकर की। फतेह सिंह खेल मैदान से शुरू हुई यात्रा अंबेडकर चौक होते हुए वापस खेल मैदान पहुंची। इस दौरान भारत माता के जयघोष सहित देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष और समर्पण की पहचान है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान को केवल औपचारिक आयोजन न मानकर राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान की भावना से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से देश की एकता, सामाजिक समरसता और विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यह भावना नागरिकों के मन में हमेशा कायम रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी राष्ट्रसेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल ने आयोजन में शामिल जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, नागरिकों, अधिकारी कर्मचारियों तथा सहयोगी विभागों और संस्थाओं के प्रति आभार जताया। आयोजन को सफल बनाने में वन, शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर पालिका, खेल संघ, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड, एनएसएस और रेडक्रॉस सहित विभिन्न विभागों का सहयोग रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य अरुणा बनाफर, दिनेश वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, विकेश गुप्ता, गोरेलाल वर्मा, सुमित टाडिया, नीलिमा गोस्वामी, आत्मनिर्भर भारत से रूपेश देवांगन, अनुराग शांति तुरे, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर, सुमन राज, एसडीएम खैरागढ़ टांकेश्वर प्रसाद साहू, डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंच, रेणुका रात्रे, देवेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हुए इस आयोजन ने खैरागढ़ में देशभक्ति का माहौल और मजबूत किया है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page