
खनन प्रभावित गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल पर होगा काम

आधारभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने की। बैठक में विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा, सांसद प्रतिनिधि खम्मन ताम्रकार, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल सहित शासी परिषद के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में डीएमएफ की वर्ष 2026-31 की पंचवर्षीय कार्ययोजना और वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना को मंजूरी दी गई साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के ऑडिट प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित ग्रामों की सूची के अनुमोदन तथा वर्ष 2024-25 और 2025-26 की वार्षिक प्रतिवेदन से जुड़े विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने कहा कि डीएमएफ निधि का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता गुणवत्ता और जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्राथमिकता वाले कार्यों को शामिल करने की बात कही है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने बताया कि कार्ययोजना में स्वास्थ्य शिक्षा पेयजल महिला एवं बाल विकास कृषि जल संरक्षण स्वच्छता कौशल विकास और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए तैयार की गई रणनीति से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति जताई।

