KCG

टिकरापारा मार्ग पर 6 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा उच्चस्तरीय पुल, क्षेत्र वासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी

खैरागढ़। नगर के टिकरापारा मार्ग पर राममंदिर के समीप स्थित ब्रिटिशकालीन पुरानी पुलिया की जगह अब करीब 6 करोड़ रुपये की अधिक लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। पुल निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण एजेंसी ने स्थल पर प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेतु निगम के अधिकारियों के निरीक्षण के बाद अब निर्माण स्थल की मिट्टी और भूगर्भीय स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है। जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी होने के साथ निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।*बारिश में आवागमन बाधित होने की समस्या से मिलेगी राहत*वर्तमान में यहां स्थित पुलिया संकरी और जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बारिश के दिनों में जलस्तर बढ़ने से रास्ता बाधित होने और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की समस्या गंभीर हो जाती है। इस समस्या के कारण कई बार यहां दुर्घटना भी घट चुकी है जिसे लेकर हाल ही में विरोध प्रदर्शन भी किया गया था। बहरहाल उच्चस्तरीय पुल बनने से इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल शहर के टिकरापारा क्षेत्र, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों में आवागमन भी सुगम होगा।

पुल निर्माण से टिकरापारा और नया टिकरापारा के गोकुल नगर सहित अकरजन, कुसियारी, सुतिया, सिंगारघाट, भोरमपुर, आमदनी, कोड़ेनवागांव, मुंहडबरी तथा आसपास के अन्य गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए यह पुल शहर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मार्ग है। बारिश के दौरान रास्ता बाधित होने से होने वाली परेशानी, समय की बर्बादी और आवागमन संबंधी जोखिम कम होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को लंबे समय से इस मार्ग पर सुविधाजनक और सुरक्षित पुल की आवश्यकता महसूस हो रही थी।

पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार राजू यदु के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने कई बार इस समस्या को शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया था। क्षेत्र की जरूरत और बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों को देखते हुए पुल निर्माण की मांग लगातार जोर पकड़ रही थी। अब निविदा प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण की प्रारंभिक गतिविधियां शुरू होने से लोगों में उम्मीद जगी है कि वर्षों पुरानी मांग जल्द पूरी होगी।

निर्माण कार्य की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सेतु निगम के कार्यपालन अभियंता सीके पांडे, एसडीओ विजय कुमार अखंड और इंजीनियर एआर रंगारी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। निर्माण एजेंसी रोशन बिल्डर्स के संचालक रोशन लोढ़ा और कर्मचारियों ने भी स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद निर्माण स्थल की मिट्टी एवं भूगर्भीय परिस्थितियों का परीक्षण शुरू किया गया है ताकि निर्माण कार्य से पहले जरूरी तकनीकी पहलुओं का आकलन किया जा सके।अब प्रशासनिक स्तर पर वर्क ऑर्डर जारी होने का इंतजार है। इसके बाद पुल निर्माण की औपचारिक शुरुआत होने की संभावना है। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के साथ टिकरापारा और आसपास के गांवों के लोगों के लिए आवागमन की बड़ी समस्या का स्थायी समाधान साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page