
नगर पालिका अध्यक्ष ने मिशन संडे को लेकर साधा कांग्रेसियों पर निशाना
जो कार्य हैंडओवर नहीं हुआ उसमें खामी निकालना गलत
कांग्रेसी धैर्य रखें, नगर का विकास भाजपा की प्राथमिकता
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. टिकरापारा पहुँचकर कांग्रेसियों द्वारा मिनी गार्डन का मुआयना किये जाने तथा निर्माण कार्य को लेकर खामियां गिनाने के बाद इसके विरोध में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा नंद चंद्राकर ने कहा कि विधायक प्रतिनिधि मनराखन व कांग्रेस नेताओं के द्वारा सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की नीयत से यह आरोप लगाया गया कि गार्डन नगर पालिका को हैंडओवर हो गया है जबकि अभी तक गार्डन नगर पालिका परिषद को हैंडओवर नहीं हुआ है। इसी तरह धनेली खेल मैदान में कांग्रेसियों द्वारा स्टीमेट चेंज कराकर काम्प्लेक्स निर्माण कराया गया जो अभी प्रगति पर है साथ ही अमलीपारा तालाब का कार्य स्वीकृति कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था और उन्हीं के कार्यकाल में पूर्ण हुआ था। जब तालाब निर्माण के समय वार्ड पार्षद द्वारा विधायक निवास में जाकर शिकायत की गई तब वहां उपस्थित रहे मनराखन द्वारा यह कहा गया कि आप भाजपा के पार्षद हैं जब आप हमारी पार्टी में आओगे तब आपकी बात सुनी जाएगी। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस की मानसिकता जनता के विकास की नहीं बल्कि विनाश करने की है। नगर की जनता सब जानती है कि विकास किसने किया। सात साल तक कांग्रेस के अध्यक्ष रहने के बाद खैरागढ़ में विकास की एक ईंट भी नहीं रख पाये अब भाजपा के सुशासन वाली सरकार के द्वारा विकास को लेकर आगे कदम बढ़ाया जा रहा है उसमें कतिपय कांग्रेसी नेताओं द्वारा नैतिकता की बाते करना शोभा नहीं देती। अनर्गल बयानबाजी कांग्रेस की ओछी राजनीति को दर्शा रही है, गलत बयानबाजी करके सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की नीयत से उनके द्वारा भड़काने की कोशिश की जा रही है। पालिका अध्यक्ष श्रीमती चन्द्राकर ने आगे कहा कि कांग्रेसी वार्ड भ्रमण कर रहे हैं तो उनको वार्डवासियों को यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस के कार्यकाल में उनके द्वारा वार्ड के लिए क्या-क्या विकास किया गया। उनको लगता है कि उनके द्वारा नगर का विकास किया गया तो इसे सार्वजनिक करना चाहिए जिससे जनता को पता चले कि कांग्रेस के समय नगर में क्या विकास हुआ है। कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान खैरागढ़ के कांग्रेसी मूकदर्शक बनकर सिर्फ विकास की राह देखते थे क्योंकि उनकी कोई सुनते ही नहीं थे बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खास होने का रौब दिखाने वाले बाहरी नेताओं के इशारे के कारण इनकी नेतागिरी नहीं चलती थी। इस कारण नगर के लिए कुछ नहीं कर पाये। भाजपा सरकार सात साल में हुए नगर के विनाश को विकास में बदल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को थोड़ा सब्र करना चाहिए, नगर पालिका में कांग्रेस कार्यकाल में रोके हुए विकास को पुनः रफ्तार देने की कोशिश जारी है और भाजपा नगर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।