Uncategorized

जिले में नाबालिगों को वाहन देने वालों पर पुलिस की सख्ती

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस खैरागढ़ द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 28,100 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। यातायात पुलिस ने विशेष अभियान के तहत मुख्य टेंपो चौक में जांच के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर सख्ती दिखाई। जांच के दौरान 9 ऐसे वाहन स्वामी पाए गए जिन्होंने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए दिया था। इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक से 1000-1000 रुपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बिना लाइसेंस वाहन चलाते पाए गए 7 लोगों सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने के 5 मामलों में भी चालानी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से पिछले एक माह से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया था। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वालों पर मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page