
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में जिला निर्यात संवर्धन समिति की द्वितीय बैठक मैकाल सदन स्थित जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल ने की। बैठक में डीजीएफटी नागपुर, उद्योग संचालनालय, वन, कृषि, उद्यानिकी तथा मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में जिले के लिए तैयार किए जा रहे जिला निर्यात एक्शन प्लान (DEAP) के प्रारूप पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने जिले में उपलब्ध ऐसे उत्पादों की पहचान पर जोर दिया जिन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। इस दौरान पान, कोदो, टमाटर, सूखी सब्जियां और हैंडलूम उत्पादों को संभावित निर्यात सामग्री के रूप में चिन्हित करते हुए इनके उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई गई। साथ ही स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को प्रोत्साहित कर ग्रामीण क्षेत्रों के उत्पादों को निर्यात से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। बैठक में तय किया गया कि चर्चा के आधार पर जिला निर्यात एक्शन प्लान के मसौदे में आवश्यक संशोधन कर कलेक्टर की अनुशंसा के बाद इसे संचालनालय को भेजा जाएगा। बैठक के दौरान डीजीएफटी नागपुर की अधिकारी ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार जल्द ही निर्यात प्रोत्साहन और निर्यात दिशा नामक दो नई योजनाएं शुरू करने जा रही है। इन योजनाओं के तहत निर्यातकों को विदेशों में गोदाम स्थापित करने के लिए अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। अध्यक्षता कर रहे प्रेम कुमार पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आसपास के जिलों में सफलतापूर्वक निर्यात कर रहे ग्रामीण पृष्ठभूमि के उद्यमियों को जिले में आमंत्रित कर कार्यशाला आयोजित की जाए ताकि स्थानीय उद्यमियों को प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल सके।

