जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 5 बच्चों को मिला नया जीवन

सभी बच्चों का हुआ निःशुल्क सफल ऑपरेशन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. राज्य सरकार के प्रयासों से जन्म जात हृदय रोग से पीड़ित 5 बच्चों को नया जीवन मिला है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित 5 बच्चों का रायपुर में सफल ऑपरेशन निःशुल्क हुआ है। हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही जिला प्रशासन सहित स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर, अधिकारी-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि जन्मजात हृदय विकृतियों से जूझ रहे पंकज पाल, जयंत निषाद, सचिन यदु, चंद्रकिरण वर्मा और जामिनी ठाकुर को विष्णु के सुशासन और स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं से स्वास्थ्य सुरक्षा प्राप्त हुई। इन बच्चों का ऑपरेशन हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.चौरसिया और उनकी टीम ने रायपुर में सफलतापूर्वक किया। कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा, नोडल अधिकारी डॉ.पंकज वैष्णव, बीएमओ डॉ.विवेक बिसेन, डॉ.मनीष बघेल, चिरायु टीम, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, डीईआईसी जिला अस्पताल दुर्ग एवं रायपुर के अधिकृत एसएमसी अस्पताल के समन्वय से कार्य संपादित किया गया। मुख्यमंत्री के सुशासन और स्वास्थ्य विभाग की तत्परता से यह सुनिश्चित किया जा रहा है जिससे राज्य का हर नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सके। बच्चों के परिजनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं सर्जनों का घर से अस्पताल तक की निःशुल्क परिवहन सुविधा, ऑपरेशन की प्रक्रिया और बाद की देखभाल तक स्वास्थ्य विभाग ने हर संभव सहयोग के लिये आभार व्यक्त किया है।