Uncategorized

शासकीय महाविद्यालय गंडई में जूनियर्स को दी गई वेलकम पार्टी

गंडई-पंडरिया। नगर स्थित स्व. पंडित देवी प्रसाद चौबे शासकीय महाविद्यालय गंडई में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उन्हें महाविद्यालयीन जीवन से सहज रूप से जोड़ने के उद्देश्य से वेलकम पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य टी.एल. वर्मा के मार्गदर्शन तथा हिंदी विभागाध्यक्ष जी.के. कौशिक के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का आत्मीयता के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी गई। वेलकम पार्टी के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता की। गीत, नृत्य एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालयीन जीवन में अनुशासन, आपसी सहयोग, सौहार्द एवं सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन से नए विद्यार्थियों को वरिष्ठ विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार के साथ संवाद स्थापित करने का अवसर मिला। प्राचार्य वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, प्रतिभा विकास और भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण केंद्र है। हिंदी विभागाध्यक्ष जी.के. कौशिक ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ साहित्य, संस्कृति, खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। वेलकम पार्टी के आयोजन से विद्यार्थियों के बीच आपसी परिचय, मित्रता और अपनत्व की भावना मजबूत हुई। उत्साहपूर्ण एवं खुशनुमा वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page