KCGछत्तीसगढ़

जनगणना 2027: जिले में मकान सूचीकरण कार्य ने पकड़ी रफ्तार, एक तिहाई से अधिक काम पूरा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य तेजी से जारी है। यह अभियान 1 मई से 30 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। अब तक जिले में निर्धारित लक्ष्य का 33.63 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर ने बताया कि जिले में कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी स्तरों पर तैयारी की गई है। जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों को मिलाकर कुल सात चार्ज क्षेत्र बनाए गए हैं। इनमें खैरागढ़ छुईखदान गंडई और साल्हेवारा तहसील के ग्रामीण क्षेत्र तथा नगरपालिका परिषद खैरागढ़ नगर पंचायत छुईखदान और नगर पंचायत गंडई शामिल हैं। मकान सूचीकरण कार्य के लिए जिले में 899 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। इन्हें 8 अप्रैल से 24 अप्रैल के बीच तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के बाद जिले के 813 गणना ब्लॉकों में 1 मई से सर्वे कार्य शुरू किया गया है। 5 मई तक प्राप्त प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले के 26 गणना ब्लॉकों में मकान सूचीकरण का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है। वहीं शेष 771 ब्लॉकों में निर्धारित 1 लाख 4 हजार 670 जनगणना भवनों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 35 हजार 203 मकानों का सूचीकरण किया जा चुका है। प्रशासन का दावा है कि अभियान को तय समय में पूरा करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page