KCG

खैरागढ़ बीईओ ने किया मदुराकोही विद्यालय में अकादमिक निरीक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विकासखंड शिक्षा अधिकारी नीलम सिंह राजपूत ने प्राथमिक शाला मदुराकोही का अकादमिक निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर का मूल्यांकन करते हुए प्रश्न पूछे, श्यामपट पर लेखन कार्य कराया तथा बच्चों से पाठ पढ़वाकर उनकी सीखने की क्षमता का अवलोकन किया है। निरीक्षण के दौरान बीईओ ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचे तथा पूरी शाला अवधि तक उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा में नियमित रूप से राष्ट्रगान राष्ट्रगीत गुरु वंदना दीप मंत्र एवं सरस्वती वंदना तथा शाम की सभा में गायत्री मंत्र राज्य गीत और शांति पाठ कराया जाए। साथ ही शाला अनुदान से लाउडस्पीकर की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। नीलम सिंह राजपूत ने कहा कि प्रत्येक कक्षा में विद्यार्थियों के स्तर के अनुरूप अध्ययन अध्यापन कराया जाए। प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को 12 खड़ी 20 तक के पहाड़े स्पष्ट पठन-पाठन लेखन मात्राओं का ज्ञान तथा 52 वर्णमाला का नियमित अभ्यास कराया जाए। वहीं पूर्व माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को अंग्रेजी बोलने और पढ़ने में दक्ष बनाने के लिए स्पोकन इंग्लिश का नियमित अभ्यास कराने पर विशेष जोर दिया है।

उन्होंने सभी शिक्षकों को प्रतिदिन वीएसके एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने तथा आकस्मिक अर्जित मेडिकल एवं संतान पालन अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर उसकी हार्ड कॉपी संकुल समन्वयक के माध्यम से कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए। बीईओ ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए वर्षाकाल में नदी-नालों के पास जाने से रोकने जर्जर भवनों में कक्षाएं संचालित नहीं करने तथा विद्यालय परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने विद्यालयों में अधिकाधिक वृक्षारोपण कर स्वच्छ एवं शैक्षिक वातावरण विकसित करने पर बल दिया है। साथ ही मध्यान्ह भोजन के अवशेष के कारण विद्यालय परिसर में आने वाले आवारा कुत्तों को रोकने के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page