Advertisement
अपराध

छेड़खानी मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज़ रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत महिला थाना पुलिस ने छेड़खानी के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 फरवरी 2026 की रात एक युवती अपनी ममेरी बहन के साथ कार से दवा लेने जा रही थी। चांदमारी रोड पर दोनों कार रोककर आवारा कुत्तों को बिस्किट खिला रही थीं तभी एक ग्रैंड विटारा कार में सवार पांच युवक वहां पहुंचे और अशोभनीय टिप्पणियां करते हुए अभद्र व्यवहार करने लगे।युवतियां वहां से निकल गईं लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा किया और रियापारा तिराहा के पास उनकी कार रोककर फिर अश्लील हरकतें कीं।पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 13 AW 2410 को जब्त किया गया था। पुलिस ने पहले नरेन्द्र महावर को गिरफ्तार किया था।पूछताछ में उसके साथियों के नाम सामने आने के बाद फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई। इसी कड़ी में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर प्रदीप पटेल, राहुल गुप्ता, कमलेश यादव और संगम कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में पुलिस की कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page