Uncategorized

छुईखदान : पुलिस क्वार्टरों की स्थिति बदहाल, ड्यूटी बाहर… कब्जा परिजन व रिश्तेदारों का

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। नगर में स्थित पुलिस विभाग के शासकीय क्वार्टरों की स्थिति इन दिनों गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार कई पुलिसकर्मियों की वर्तमान पदस्थापना जगदलपुर सहित अन्य स्थानों पर है इसके बावजूद उनके नाम पर आवंटित शासकीय क्वार्टर छुईखदान में अब तक खाली नहीं किए गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी स्वयं इन क्वार्टरों में निवास नहीं कर रहे हैं, बल्कि उनके परिजन या रिश्तेदार लंबे समय से वहां रह रहे हैं। कुछ मामलों में तो वर्षों से इन क्वार्टरों पर इस प्रकार का कब्जा बना हुआ है, जो शासकीय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है।बताया जा रहा है कि इस अनियमित व्यवस्था के चलते नवपदस्थ पुलिसकर्मियों को आवास उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे न केवल विभागीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि कॉलोनी का अनुशासन भी बिगड़ रहा है। साथ ही, शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग के आरोप भी सामने आ रहे हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि मामला सीधे पुलिस विभाग से जुड़ा होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। न तो पुलिस क्वार्टरों का पुनः भौतिक सत्यापन किया गया है और न ही अवैध कब्जों को हटाने की कोई प्रक्रिया शुरू की गई है।
स्थानीय नागरिकों और विभागीय कर्मचारियों ने मांग की है कि पुलिस क्वार्टरों का तत्काल भौतिक सत्यापन कर वास्तविक पात्रता के आधार पर आवंटन किया जाए तथा जिन मामलों में नियमों का उल्लंघन हुआ है, उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page