
डैम में डूबा 16 वर्षीय भिलाई निवासी छात्र आयुष
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
दो माह में दूसरी मौत के बाद सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छुईखदान क्षेत्र के छिंदारी स्थित नथेला डैम में बुधवार को दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 16 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी आयुष पिता अमन के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव पानी से बाहर निकाला गया। जानकारी अनुसार आयुष अपने चार दोस्तों के साथ नथेला डैम घूमने आया था। इसी दौरान वह डैम के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया। आयुष को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग भी मौके पर पहुंच गए।
दो माह में हुई है दूसरी मौत
नथेला डैम में डूबने से करीब दो माह के भीतर यह दूसरी मौत है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने डैम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। डैम में बड़ी संख्या में लोग घूमने और पिकनिक के लिए पहुंचते हैं, लेकिन गहरे और जोखिम वाले हिस्सों में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात स्थानीय लोग उठा रहे हैं।
चेतावनी फलक लगाने और निगरानी की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डैम के गहरे और संवेदनशील हिस्सों को चिह्नित कर वहां बड़े एवं स्पष्ट चेतावनी बोर्ड (सूचना फलक) लगाने की मांग की है। इसके साथ ही सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, नियमित निगरानी और आवश्यक बचाव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। लगातार हादसों के बीच अब सवाल यह है कि नथेला डैम जैसे स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था हादसे के बाद सक्रिय होगी या हादसा होने से पहले ही जरूरी एहतियाती कदम उठाए जाएंगे।