KCG

छह माह से फरार गांजा तस्कर पुलिस गिरफ्त में, हुई कार्रवाई

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खैरागढ़ पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में पिछले छह माह से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस के अनुसार 7 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 08 एवाई 1539 से अवैध रूप से गांजा लेकर ग्राम मंडला से बाजार अतरिया की ओर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाजार अतरिया के पास नाकाबंदी कर जांच शुरू की है। नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल में रखे तीन पैकेटों से 6.015 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया जिसकी अनुमानित कीमत 61 हजार रुपए आंकी गई। जब्त मोटरसाइकिल सहित कुल बरामद सामग्री का मूल्य लगभग 1.11 लाख रुपए बताया गया है। मामले में थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 08/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और लगातार की गई निगरानी के आधार पर पुलिस ने 8 जून 2026 को आरोपी दुर्गेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page