KCG

शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण स्वागत

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने और बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा संचालित शाला प्रवेशोत्सव के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चंदेनी में समारोहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया है।प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्सव जैसा वातावरण बना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुई। इसके बाद नवप्रवेशी छात्र छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों और गणवेश का वितरण भी किया गया है। नई कक्षा में प्रवेश को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला है। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत खैरागढ़ की सभापति दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के विकास और समाज की प्रगति का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन अनुशासन और सकारात्मक सोच को जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया है। साथ ही मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग केवल ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियों तक सीमित रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न छात्र कल्याणकारी योजनाएं बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। इस अवसर पर सरपंच गजेश वर्मा, पंच लोकेश तिवारी, महामंत्री उत्तम वर्मा, शिक्षाविद दीना वर्मा, पालक प्रतिनिधि गणेश्वर वर्मा एवं वीणा वर्मा, प्राचार्य लक्ष्मीरेखा वैष्णव, प्रधान पाठक मृदुला त्रिपाठी, प्रधान पाठक नीतू सिंह, व्याख्याता राकेश कौशल एवं अंजलि कुमार, शिक्षक लवकुश वर्मा, शिक्षिका कामिनी जोशी, दीपमाला टोडर सहित विद्यालय परिवार अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page