KCG

गुरु बालकदास जयंती पर खैरागढ़ में निकली भव्य शोभायात्रा, गृह मंत्री हुये शामिल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सतनाम पंथ के महान संत एवं समाज सुधारक गुरु घासीदास जी के द्वितीय पुत्र शूरवीर राजा गुरु बालकदास जी की जयंती रविवार को जिला मुख्यालय खैरागढ़ में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। पूज्य सतनाम समाज के तत्वावधान में आयोजित जयंती समारोह में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में सतनामी समाज के संत-महंत, पदाधिकारी और समाजजन उपस्थित रहे। जयंती समारोह की शुरुआत दिलीप सिंह मंगल भवन में सम्मान समारोह के साथ हुई। इसमें पंथी पार्टी एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इसके बाद नगर भ्रमण के लिए भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में राजा गुरु बालकदास जी की आकर्षक झांकी और जैतखाम की झांकी प्रमुख आकर्षण रही। पंथी नृत्य, डीजे और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समाजजन उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि गृह मंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में राजा गुरु बालकदास जी के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु बालकदास जी का जीवन साहस, सामाजिक चेतना, समानता और समाज को संगठित करने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने संत परंपरा और महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। समाजजन गुरु बालकदास जी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। शोभायात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता, समरसता और सतनाम पंथ की सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया गया। सामाजिक एकता का दिया संदेश समारोह में गुरु बालकदास जी के जीवन, उनके सामाजिक सरोकारों और समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा, सामाजिक एकता, समरसता और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष उमेश कोठले सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जयंती समारोह और भव्य शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page