प्रशासन-पुलिस की संयुक्त टीम ने किया शहर का भ्रमण
आयोजन समितियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
खैरागढ़। गणेशोत्सव एवं आगामी गणेश विसर्जन को देखते हुए शहर में शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को विभिन्न गणेश पंडालों का निरीक्षण किया। कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक लक्ष्य विनोद शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों ने पंडालों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन समितियों के पदाधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टंकेश्वर प्रसाद साहू, पुलिस विभाग के अनुविभागीय अधिकारी सहित टीआई अनिल शर्मा व थाना खैरागढ़ की पुलिस टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणेश प्रतिमाओं एवं पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।*विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा पर रहेगी विशेष निगरानी*अधिकारियों ने गणेश पंडाल समितियों को पंडाल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत तारों एवं कनेक्शनों को सुरक्षित रखने, ज्वलनशील सामग्री को व्यवस्थित तरीके से रखने तथा आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने कहा गया।श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था बाधित नहीं करने तथा सार्वजनिक मार्गों एवं स्थानों पर अनावश्यक अवरोध नहीं करने के निर्देश भी दिए गए। समितियों से प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने कहा गया।
विसर्जन जुलूस में अनुशासन बनाए रखने की हिदायत
आगामी गणेश विसर्जन को लेकर भी अधिकारियों ने आयोजन समितियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने, भीड़ को नियंत्रित रखने और अनुशासन बनाए रखने कहा गया। किसी भी अप्रिय स्थिति अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की गई वहीं जलस्रोतों के आसपास विसर्जन के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए भी समितियों और नागरिकों को अवगत कराया गया।प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्तनिरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और गणेश पंडालों के आसपास पैदल गश्त भी की। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद करते हुए गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।पुलिस टीम ने विभिन्न पंडालों में पहुंचकर आयोजन समिति के पदाधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
अफवाह और हुड़दंग से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने गणेशोत्सव में शामिल आयोजन समितियों, श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से शांति, सौहार्द, अनुशासन एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा हुड़दंग से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा गया।अधिकारियों ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।


