
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। गंडई में पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए अवैध गांजा कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा जब्त किया है जिसकी बाजार कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि गंडई के कुम्हारपारा वार्ड क्रमांक 10 क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने वाहन में मादक पदार्थ छिपाकर बिक्री की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान टावर के पास एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बैठा मिला जिसने पूछताछ में अपना नाम मंगल तिवारी (36 वर्ष) निवासी कुम्हारपारा गंडई बताया। तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल टीवीएस एक्सएल 100 क्रमांक CG 08 BE 3339 की डिक्की से लाल पीले रंग के कपड़े के थैले में रखा संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। मौके पर ही गवाहों की उपस्थिति में विधिवत तलाशी और जब्ती पंचनामा तैयार किया गया। जांच के दौरान पदार्थ की पहचान सूंघने रगड़ने जलाने तथा एनडीपीएस किट से परीक्षण के आधार पर गांजा के रूप में की गई। कुल 2 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा आरोपी द्वारा उपयोग की जा रही मोटरसाइकिल कीमत लगभग 10 हजार रुपये को भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 30 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने कब्जे में ली है। जांच के दौरान आरोपी के पास मादक पदार्थ रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।