Uncategorized

गंडई में पहली बार होगा भव्य महिला गरबा महोत्सव

गंडई-पंडरिया। नवरात्रि पर्व के अवसर पर गंडई नगर में इस वर्ष पहली बार भव्य चार दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। युवा व्यापारी मित्र मंडल गंडई की पहल पर आयोजित यह विशेष महोत्सव 15 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक पंचमी से अष्टमी तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन शासकीय राइस मिल के पास, पंडरिया रोड, गंडई में होगा। महोत्सव की खास बात यह है कि इसका आयोजन विशेष रूप से महिलाओं के लिए किया जा रहा है। इसके माध्यम से नगर की महिलाओं को नवरात्रि के पावन अवसर पर गरबा नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक उत्सव में उत्साहपूर्वक भागीदारी का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर आयोजकों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नवरात्रि पर्व में गरबा और डांडिया का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व विशेष रूप से माना जाता है। मां दुर्गा की आराधना के साथ गरबा नृत्य भक्ति, उल्लास और सामूहिक सहभागिता का संदेश देता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युवा व्यापारी मित्र मंडल ने गंडई नगर में पहली बार महिला गरबा महोत्सव आयोजित करने की पहल की है।

चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के माध्यम से नगर की महिलाओं को एक मंच पर एकत्रित होकर नवरात्रि पर्व को उत्साह और उमंग के साथ मनाने तथा अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर नगर में अभी से उत्साह का माहौल है। पहली बार होने वाले इस भव्य महिला गरबा महोत्सव को लेकर महिलाओं में विशेष उत्सुकता देखी जा रही है। युवा व्यापारी मित्र मंडल ने नगर की समस्त महिलाओं से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गरबा महोत्सव की रौनक बढ़ाने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page