KCG

खैरागढ़ विधानसभा को 56 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की मिली सौगात

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए राज्य शासन ने 56 करोड़ रुपये से अधिक लागत के सड़क, पुल-पुलिया, जंक्शन सुधार तथा सिंचाई से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के मूर्त रूप लेने से क्षेत्र की आधारभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवागमन के साथ-साथ कृषि विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने बताया कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरतों और जनअपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे। लगातार किए गए प्रयासों और अनुश्रवण के परिणामस्वरूप इन सभी कार्यों को अब प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलने के साथ ही इन योजनाओं के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया है। विधायक ने कहा कि नई सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण से ग्रामीण अंचलों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों का आवागमन आसान होगा तथा मरीजों को बेहतर सड़क संपर्क का लाभ मिलेगा वहीं सिंचाई परियोजनाओं के पूरा होने से कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ किसानों को स्थायी लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से सभी स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।

धनेली-देवारीभाट गौठान-बढ़ाईटोला मार्ग का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण ₹17.01 करोड़, सूरही नदी (विकासखंड छुईखदान) पर एनीकट-कम-काजवे निर्माण- ₹10.13 करोड़, गंडई-पंडरिया व्याहा दौजरी मार्ग (पुल-पुलिया सहित) ₹4.77 करोड़,
भीमपुरी से बोरई पहुंच मार्ग- ₹4.75 करोड़, खैरागढ़ टाउन मार्ग (नाली सहित) ₹4.69 करोड़, गर्रा-बांधटोला-कोहका झोरी मार्ग ₹4.11 करोड़, करमतरा से घुमर्रा मार्ग- ₹3.75 करोड़,
कांशीटोला से ढाप मार्ग- ₹3.29 करोड़, दाऊचौरा-खैरागढ़-ढारा मार्ग- ₹2.71 करोड़, कामठा से हरदी पहुंच मार्ग- ₹2.36 करोड़ व विभिन्न राज्यमार्गों पर जंक्शन सुधार एवं क्रैश बैरियर निर्माण ₹1.87 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिली है।

विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण के चलते खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगातार आधारभूत विकास कार्यों को स्वीकृति मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और प्रत्येक गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page