Advertisement
Uncategorized

खैरागढ़ में 141 वर्ष पुरानी शैक्षणिक परंपरा का उत्सव बना स्मृतियों का केंद्र

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान पीएमश्री डॉ.पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय (विक्टोरिया स्कूल) में वार्षिकोत्सव, भूतपूर्व छात्र सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। शिक्षा, संस्कृति, अनुशासन और संस्थान की गौरवशाली विरासत को समर्पित इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

आयोजन ने विद्यालय की 141 वर्ष पुरानी परंपरा को नए उत्साह और ऊर्जा के साथ पुनर्स्मरण कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में शिक्षा को जीवन निर्माण की आधारशिला बताते हुए विद्यार्थियों से सांस्कृतिक मूल्यों और अनुशासन को अपनाने का आह्वान किया। समारोह स्थल पर अनुशासन, गरिमा और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय परंपरा, सामाजिक समरसता और नैतिक आदर्शों का प्रभावी मंचन किया। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से भगवान राम और माता सीता के आदर्श चरित्र पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया जिससे सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

संस्था के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले इसे लेकर खैरागढ़ की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने न केवल भावुक वक्तव्य दिया बल्कि विद्यालय के अधोसंरचना निर्माण के लिए लाखों रुपए की स्वीकृति भी दी। विधायक ने विकास कार्यों हेतु 10 लाख की घोषणा की और बतौर मुख्य अतिथि विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यालय परिसर में डोम निर्माण एवं किचन शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा करते हुये कहा कि आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और संस्थान की गरिमा और बढ़ेगी।

सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने विद्यालय की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए बताया कि इसकी स्थापना वर्ष 1885 में तत्कालीन शासक राजा उमराव सिंह द्वारा अपने पुत्र कमलनारायण सिंह की शिक्षा के उद्देश्य से कराई गई थी। उन्होंने पूर्व छात्र सम्मेलन को भविष्य में और व्यापक स्वरूप देने की आवश्यकता पर बल दिया। नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचान देने का सशक्त मंच है। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं जिला पंचायत के पूर्व सभापति घम्मन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ.राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। विशेष तौर पर विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष शशांक ताम्रकार, प्राचार्य अनुराग सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी समारोह में सहभागी बने।

समारोह में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया साथ ही विद्यालय में सेवाएं दे चुके पूर्व शिक्षकों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। पूर्व शिक्षकों द्वारा साझा किए गए अनुभवों ने समारोह को भावनात्मक आयाम प्रदान किया। आभार और नई उम्मीदों के साथ समापन कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य अनुराग सिंह ने सभी अतिथियों, पूर्व छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। शिक्षा, संस्कार और समर्पण की भावना से ओत-प्रोत यह आयोजन प्रेरणा, गौरव और भविष्य के प्रति नई आशाओं के विस्तार के साथ संपन्न हुआ जिसने खैरागढ़ की शैक्षणिक परंपरा को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में पुनः स्थापित करने का संदेश दिया है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page