
होली मिलन व सम्मान समारोह हुआ एक साथ संपन्न
150 महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर किया गया सम्मानित
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिला कोसरिया यादव समाज खैरागढ़ के तत्वावधान में खैरागढ़ के राजा फतेह सिंह खेल मैदान में प्रदेश स्तरीय महिला महाअधिवेशन, होली मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर की सामाजिक एवं विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लगभग 150 महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति लवली शर्मा रही। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, नगर पंचायत छुईखदान की अध्यक्ष नम्रता गिरिराज किशोर दास वैष्णव, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, शिक्षाविद डॉ.साधना अग्रवाल, कवयित्री डॉ.पद्मा घम्मन साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पार्तिका महोबिया व आत्मानंद विद्यालय छुईखदान की प्राचार्य उमा यादव सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय जस एवं फाग गायक दूकालू यादव की सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। खैरागढ़ में पहली बार आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम को देखने-सुनने के लिए आसपास के गांवों और नगरीय इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। दर्शकों की शानदार उपस्थिति से फतेह मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में यादव समाज के जिला, नगर एवं विभिन्न सर्किलों के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा। समारोह में मन्ना यादव, विश्वनाथ यादव, अमर यादव, अनिल यादव, रविंद्र यादव और डोमलाल यादव सहित कई पुरुष व महिला प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्था में महिला विंग की जिला अध्यक्ष आरती सूर्यकांत यादव, सीमा यादव, गीता यादव, नगर महिला अध्यक्ष कंचन लोकेश यादव, कुसुम यादव, शांति यादव, लक्ष्मी यादव, पुष्पा यादव, उर्मिला यादव, गौरी यादव, मेहतरीन यादव, कांता यादव, मोनिका यादव, गीता जीतेन्द्र यादव और जमुना यादव सहित अनेक महिलाओं की सक्रिय भूमिका रही। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिकगण तथा जसप्रेमी उपस्थित रहे।

