
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्ति मिलने की ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर जिले में श्रद्धा और गौरव का माहौल देखने को मिला। भारतीय जनता युवा मोर्चा के आह्वान पर जिला मुख्यालय खैरागढ़ में श्रद्धांजलि एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आयश सिंह ने किया। दाऊचौरा स्थित शहीद निकेश यादव की प्रतिमा स्थल पर आयोजित इस आयोजन में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने शहीद निकेश यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर प्रदेश में शांति और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को याद किया गया। पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा जहां भारत माता की जय और शहीद अमर रहें के स्वर सुनाई दिए। इस अवसर पर वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत नेतृत्व और ठोस रणनीति के कारण छत्तीसगढ़ अब नक्सल समस्या से उबरकर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए एक नए युग की शुरुआत बताया। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष डॉ. बिसेसर साहू सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बनाया। बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी ने शहीदों के प्रति सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया।
