
पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर
प्रतिदिन हो रहा हजारों उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन
प्रतिदिन लगभग 300 शिक्षक कर रहे मूल्यांकन का निष्पादन
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 16 मार्च से खैरागढ़ स्थित पीएमश्री डॉ.पदुमलाल पुन्नलाल बख्शी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में सुव्यवस्थित रूप से प्रारंभ हो गया है मूल्यांकन कार्य को पारदर्शी निष्पक्ष एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाई स्कूल की लगभग 38,813 तथा हायर सेकेंडरी की 16,624 उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिये केंद्र में प्राप्त हुई हैं। इस कार्य के लिए खैरागढ़ एवं छुईखदान विकासखंड से प्रतिदिन लगभग 250 से 300 शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने दुर्ग संभागीय कार्यालय के संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा केंद्र का निरीक्षण किया गया है। इस दौरान मुख्य उपमुख्य एवं परीक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए जिससे मूल्यांकन कार्य में एकरूपता और निष्पक्षता बनी रहे। अब तक 18 मार्च 2026 तक हाई स्कूल की लगभग 5,520 एवं हायर सेकेंडरी की 2,746 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण किया जा चुका है। मूल्यांकन केंद्र के अधिकारी एवं प्राचार्य अनुराग सिंह ने बताया कि मंडल द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही समस्त मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में पूर्ण गोपनीयता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है जिससे विद्यार्थियों के परिणामों की विश्वसनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।


