KCG

बाजार अतरिया चौक में लगा वाटर फिल्टर, राहगीरों को मिलेगा ठंडा पेयजल

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। भीषण गर्मी के बीच आमजन और राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत बाजार अतरिया द्वारा सराहनीय पहल की गई है। पंचायत के प्रयासों से बाजार अतरिया चौक में वाटर फिल्टर मशीन स्थापित की गई है जिससे अब स्थानीय लोगों, यात्रियों और राहगीरों को ठंडा एवं स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा। गर्मी के मौसम में चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता था। खासकर दोपहर के समय यात्रियों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत बाजार अतरिया की सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा ने पहल करते हुए जिला पंचायत मद से वाटर फिल्टर मशीन लगवाई। बताया जा रहा है कि बाजार अतरिया चौक क्षेत्र का प्रमुख स्थान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी एवं राहगीरों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में ठंडे और स्वच्छ पानी की व्यवस्था होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। वाटर फिल्टर लगने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने पंचायत की इस पहल की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में यह सुविधा लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस संबंध में सरपंच बिमला हरप्रसाद वर्मा ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंचायत लगातार जनहित के कार्य कर रही है और आगे भी विकास कार्य जारी रहेंगे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page