अपराध

खैरागढ़ में अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ थाना क्षेत्र के समीपस्थ ग्राम गाडाडीह में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के कुछ लोगों ने युवक को घेरकर गांव बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए लात-घूंसों से बुरी तरह पीट दिया जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक तुलाराम पटेल (45) पिता कार्तिक राम पटेल निवासी किल्लापारा वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़ बिल्डिंग ठेकेदारी का कार्य करता था। उसके साथ ग्राम गाडाडीह की परदेशनीन बाई (40) पति स्वर्गीय शिवा यादव मजदूरी का काम करती थी। बताया गया कि तुलाराम कभी-कभी शाम के समय उसे मोटर साइकिल से उसके घर छोड़ने जाया करता था।

जानकारी हो कि 8 मार्च की शाम तुलाराम पटेल मजदूर महिला को छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उस पर अवैध संबंध का शक जताते हुए घेर लिया। आरोपियों ने “गांव बिगाड़ने” की बात कहते हुए हाथ-मुक्का और लात से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में उसके चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आयी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल तुलाराम को उपचार के लिए सिविल जिला अस्पताल खैरागढ़ लाया गया जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 29/2026 कायम कर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2), 190, 191(1) और 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35), समय यादव (45), आशीष यादव उर्फ बोदू (42), रूपलाल वर्मा (26), पल्टन (60) और पवन वर्मा (35) निवासी ग्राम गाडाडीह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page