KCGछत्तीसगढ़

खैरागढ़ में भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत, दो घायल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। मंगलवार 21 अप्रैल की सुबह खुशियों से भरे सफर पर निकला परिवार का एक सदस्य रास्ते में ही दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर संडी-गाड़ाडीह चौक के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मदनपुर निवासी प्रदीप साहू (32) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ज्ञात हो कि इस लोमहर्षक हादसे ने क्षेत्र को एक बार फिर झकझोर कर रख दिया है। जानकारी अनुसार बाइक पर सवार तीन युवक और एक मासूम बच्चा धुमा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद तो ट्रक चालक मौके से फरार हो गया लेकिन दुर्घटना में प्रदीप साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं सोनू साहू (40) सहित एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि प्रदीप साहू नागपुर में मजदूरी करता था और एक दिन पहले ही घर लौटा था। वह अपने बेटे और पत्नी से मिलने ससुराल जा रहा था लेकिन यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ।

प्रारंभिक जांच में बाइक पर अधिक सवारी, हेलमेट का उपयोग न करना और तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोड़ पर बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया जिससे दुर्घटना और गंभीर हो गई। ज्ञात हो कि खैरागढ़-धमधा मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि केवल चालानी कार्रवाई से दुर्घटनाएं नहीं रुकेंगी बल्कि जागरूकता और सड़क सुरक्षा उपायों को और गंभीरता से प्राथमिकता देना जरूरी है।

इस भयावह हादसे ने एक परिवार की खुशियां पल भर में छीन ली। जिस घर में बेटे के आने की खुशी थी वहां अब मातम का माहौल है। प्रदीप साहू की असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने और दुर्घटना-प्रवण स्थलों पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है वहीं इस हादसे ने एक बार फिर इस बात पर बहस तेज कर दी है कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी किसी परिवार के लिये एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती है। बहरहाल गौर करें कि दो पहिया वाहन में सफर करते वक्त हेलमेट का अनिवार्य उपयोग, सीमित सवारी और नियंत्रित गति ही सुरक्षित यात्रा की कुंजी है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page