Uncategorized

खैरागढ़ जिले में होली में रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने क लिए केसीजी जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मंगलवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। त्योहार के मद्देनजर सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने अपने अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कीं। बैठकों में जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद कर होली को परंपरागत गरिमा के साथ मनाने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हुड़दंग मारपीट या अभद्र व्यवहार करने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई होगी।

सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। मुख्य चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सघन वाहन जांच की जा रही है। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने शराब पीकर वाहन चलाने और तेज रफ्तार में स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तथा नाबालिगों को वाहन न देने की हिदायत दी गई है।

जिले के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। गांवों और कस्बों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। नशीले पदार्थों के सेवन और अवैध बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे ताकि त्योहार की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें और होली को प्रेम, सद्भाव व सामाजिक समरसता के साथ मनाएं।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page