खैरागढ़ जनपद पंचायत में भाजपा की डॉ.राजेश्री त्रिपाठी बनी अध्यक्ष

लगातार तीसरी बार जनपद सदस्य चुनाव जीते लखन साहू बने उपाध्यक्ष

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. खैरागढ़ जनपद पंचायत में भाजपा ने अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की है। चुनाव में भाजपा की डॉ.राजेश्री त्रिपाठी अध्यक्ष चुनी गई वहीं लगातार तीसरी बार जनपद सदस्य चुनाव जीतकर आये लखन साहू की जनपद उपाध्यक्ष पद पर ताजपोशी हुई है। मंगलवार को भारी गहमा गहमी के बीच खैरागढ़ जनपद पंचायत में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन सम्पन्न हुआ। दोनों पदों पर भाजपा ने अपना कब्जा जमाया। क्षेत्र क्र.2 चिचका से पहली बार जनपद सदस्य चुनकर आयी डॉ.राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी अध्यक्ष व क्षेत्र क्र.16 दपका से लगातार तीन बार के जनपद सदस्य लखन साहू उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुये है। अध्यक्ष पद के लिये जनपद की कुल 25 सीटों में से भाजपा की राजेश्री त्रिपाठी को 17 व कांग्रेस की निर्मला वर्मा को 8 वोट मिले। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के लखन साहू को 25 में से 16 व कांग्रेस के भूखन बंजारे को 7 वोट मिले। उपाध्यक्ष के निर्वाचन में गोंडवाना के 2 निर्वाचित सदस्य अनुपस्थित रहे। भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष प्रत्याशियों के चुनाव जीतते ही कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी व नारेबाजी की। वरिष्ठ नेताओं ने जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को माला पहना कर व मिठाई खिलाकर बधाई दी यहाँ पर्यवेक्षक के रूप में पूर्व विधायक को वरिष्ठ भाजपा नेता रामजी भारती व घम्मन साहू मौजूद रहे। पीठासीन अधिकारी टंकेश्वर प्रसाद साहू (एसडीएम) ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित सभी सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर बधाई दी। इस दौरान निर्वाचित जनपद सदस्यों सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।