KCG

खेलों से जुड़े सपनों को मिली नई उड़ान, विद्यार्थियों ने जाना खेलों में अवसरों का संसार

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय खैरागढ़ में युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और उनमें खेल भावना अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया संवाद : खेल की बात PM मोदी के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओ. पी. गुप्ता ने की। इस अवसर पर सहायक जिला खेल अधिकारी प्रिंकेश कश्यप एवं खेलो इंडिया फुटबॉल कोच सीतांशु गुप्ता बतौर अतिथि मौजूद रहे। यूथ आइकॉन जामनी साहू, डीलू साहू तथा राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी नेमा निषाद ने विद्यार्थियों से संवाद कर खेलों के महत्व और खेल के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी साझा की। अतिथियों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं बल्कि व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। नियमित खेल गतिविधियों से युवाओं में अनुशासन आत्मविश्वास नेतृत्व क्षमता टीम भावना और चुनौतियों से संघर्ष करने का जज्बा विकसित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के खेल का चयन कर नियमित अभ्यास करने तथा खेलों के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने खेलों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अतिथियों के साथ संवाद किया। साथ ही ‘खेल की बात PM मोदी के साथ’ पहल के माध्यम से प्रधानमंत्री के खेल संबंधी संदेशों एवं विचारों से जुड़ने का अवसर प्राप्त किया। कार्यक्रम के संयोजक राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी यशपाल जंघेल रहे। इस अवसर पर डॉ. उमेंद कुमार चंदेल, अतिथि व्याख्याता (हिंदी), होमन साहू, शिक्षक (हिंदी), टिकेंद्र वर्मा, संयोजक, जनसेवा सेवा संस्थान सहित महाविद्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page