
29 अगस्त तक जिले में 2349.2 मिमी वर्षा दर्ज
खैरागढ़ में सबसे कम 83.5 फीसदी बारिश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 2349.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। 29 अगस्त तक हुई बारिश की तुलना पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा से की जाए तो जिले में अब तक औसत का 94.3 प्रतिशत पानी बरसा है। यानी दीर्घकालिक औसत की तुलना में जिले में अभी 5.7 फीसदी बारिश की कमी बनी हुई है। हालांकि तहसीलवार स्थिति में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। साल्हेवारा तहसील में जहां औसत से अधिक बारिश हुई है वहीं खैरागढ़, छुईखदान और गंडई में वर्षा औसत से कम रही है।
साल्हेवारा में औसत से 12.2 फीसदी अधिक बारिश
तहसीलवार आंकड़ों में साल्हेवारा सबसे आगे है। यहां 1 जून से 29 अगस्त तक 726.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है जबकि पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि का औसत 647.3 मिमी है। इस तरह साल्हेवारा में सामान्य से 12.2 फीसदी अधिक वर्षा हो चुकी है और यहां औसत का 112.2 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। इसके विपरीत खैरागढ़ तहसील में अब तक 554.2 मिमी वर्षा हुई है जबकि 10 वर्षीय औसत 663.7 मिमी है। यहां औसत की तुलना में सिर्फ 83.5 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है। छुईखदान में 513.5 मिमी बारिश हुई है, जो 591.4 मिमी के 10 वर्षीय औसत का 86.8 प्रतिशत है वहीं गंडई में 555.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है जबकि यहां का 10 वर्षीय औसत 590.0 मिमी है। गंडई में औसत का 94.2 प्रतिशत पानी बरसा है। जिला प्रशासन के दैनिक वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार 29 अगस्त को जिले में कुल 15.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसमें छुईखदान में सर्वाधिक 5.6 मिमी, खैरागढ़ में 5.3 मिमी, गंडई में 2.3 मिमी और साल्हेवारा में 1.9 मिमी वर्षा हुई। साल्हेवारा तहसील ने सामान्य वर्षा के आंकड़े को पार कर लिया है जबकि अन्य तीन तहसीलों में बारिश औसत से पीछे है। जिले में अब तक 2349.2 मिमी बारिश के मुकाबले 10 वर्षों की इसी अवधि का औसत 2492.4 मिमी है। इस लिहाज से जिले में अभी 143.2 मिमी बारिश की कमी दर्ज की गई है।
