
एसपी लक्ष्य शर्मा ने की जनसहभागिता की अपील
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिले में नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से केसीजी पुलिस ने समाधान ऐप के माध्यम से किरायेदार सत्यापन विशेष अभियान शुरू किया है। यह विशेष ड्राइव आगामी एक सप्ताह तक संचालित की जाएगी जिसके तहत जिले के सभी नागरिकों से अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की गई है। पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने कहा कि समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने में नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि किरायेदार सत्यापन न केवल कानूनन आवश्यक है बल्कि किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम और अपराध नियंत्रण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। एसपी लक्ष्य शर्मा ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि वे अपने नजदीकी पुलिस थाना में संपर्क कर अथवा समाधान ऐप के माध्यम से अपने किरायेदारों का सत्यापन अवश्य कराएं। साथ ही उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थानों और आम नागरिकों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते अपने किरायेदारों का सत्यापन करवा सकें। केसीजी पुलिस का संदेश है “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।” पुलिस का मानना है कि सुरक्षित समाज के निर्माण की जिम्मेदारी केवल पुलिस की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। इसलिए सभी नागरिक इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और अपने क्षेत्र को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाने में सहयोग करें।
